
हरियाणा के इस जिले मे पाकिस्तान से आये जहाजनुमा गुब्बारे से इलाके में फैली दहशत
खुफिया तंत्र जुटा जांच मे
चंडीगढ़, 3 नवंबर (विश्ववार्ता) हरियाणा के फतेहाबाद जिले के गांव भूथन कलां के खेतों में देर शाम को एक जहाजनुमा गुब्बारा उतरने से लोगो मे दहशत का माहौल पैदा हो गया इस गुब्बारे पर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) लिखा है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर गुब्बारे को कब्जे में ले लिया।
पुलिस अब इस पड़ताल में जुट गई है कि यह गुब्बारा कहां से आया? खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या वास्तव में यह गुब्बारा पाकिस्तान से आया है, या यहीं पर इसको बनाया गया है।
पुलिस अलग-अलग एंगल से जांच में जुट गई है। पुलिसकर्मियों का मानना है कि कई बार पाकिस्तान से उड़े सामान्य गुब्बारे भी सीमावर्ती भारतीय इलाकों में आ जाते हैं। मगर इस गुब्बारे के उडऩे के पीछे क्या उद्देश्य हैं, इसका पता अभी नहीं लग पाया है। सदर थाना प्रभारी यादविंद्र सिंह ने बताया कि खेत में मिले गुब्बारे को कब्जे में ले लिया गया है। उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत करवाया गया है। आगामी पड़ताल की जा रही है।





















