

चंडीगढ़, 21 मार्च (विश्व वार्ता) पंजाब में खालिस्तानी समर्थक भगौडा करार अमृतपाल सिंह को पकडने के लिए पंजाब पुलिस का एक्शन आज चौथे दिन भी जारी है। वहीं आज भगौडा करार खालिस्तान समर्थक अमृतपाल को पेश करने से जुड़ी याचिका पर आज पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। याचिका पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से मंगलवार यानि की आज जवाब दाखिल करने के लिए कहा था। याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट से अमृतपाल को अवैध हिरासत से छुड़ाने और सरकार को वारंट ऑफिसर नियुक्त करने का निर्देश जारी करने की अपील की।
याचिकाकर्ता ने कहा कि वारंट ऑफिसर की नियुक्ति के लिए वह तय की गई फीस जमा करवाने को तैयार हैं। इस पिटिशन पर रविवार देर शाम को हाईकोर्ट के जस्टिस एनएस शेखावत के घर पर सुनवाई हुई। इसमें कोर्ट ने वारंट अफसर नियुक्त करने से तो इनकार कर दिया, लेकिन सरकार को नोटिस जारी करते हुए मंगलवार तक जवाब मांग लिया।
पंजाब पुलिस का एक्शन लगातार जारी है और अफवाहों व गलत सूचनाओं के कारण सूबे मे 18 मार्च से ही इंटरनेट बंद है और अब यह मामला भी हाईकोर्ट पहुंच गया है।





















