
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पंचकूला में नवनिर्मित पंच कमल का किया लोकार्पण
कहा जनसंघ के समय से लेकर अब तक देश की जनता से जो वायदा किये, उसे पूरा किया
चंडीगढ, 21 अगस्त (विश्ववार्ता) – केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि जनसंघ के समय से लेकर अब तक देश की जनता से जो वायदा किये, उसे पूरा किया है, जिसमें जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने, राम मंदिर के निर्माण तथा समान नागरिकता शामिल है।
रक्षा मंत्री आज मनसा देवी के निकट हरियाणा जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय पंच कमल का लोकार्पण करने उपरांत उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता पाने के लिये राजनीति नहीं करती बल्कि समाज व देश के निर्माण के लिये राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के 75 वर्षों में कई प्रधानमंत्री आये परंतु किसी ने भी भारत को आगे बढ़ाने की बात नहीं सोची। अगर 20-25 वर्ष पहले किसी प्रधानमंत्री ने यह बात सोच ली होती तो आज भारत का स्थान दुनिया में कहीं ओर होता। पिछले आठ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति की दशा और दिशा बदली है। आज कोई भी आरोप नहीं लगा सकता कि देश में कोई घोटाला हुआ है और उसी रास्ते पर चलते हुये हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल पर भी कोई आरोप नहीं लगा सकता।
राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षामंत्री के रूप में वे भारत को आत्मनिर्भर बनाने की ओर अग्रसर है। सेना के सामान की 310 आईटमस की सूची तैयार की है, जिसका निर्माण भारत में ही होगा और दुनिया के दूसरे देशों से आयात करने की आवश्यकता नहीं होगी और यह उन्होंने प्रधानमंत्री की मेक इन इंडिया से प्रेरित होकर किया है। आज विदेशी निवेशक रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में भारत में आने को आतुर है। उन्होंने कहा कि भारत सेना के लिये 900 करोड़ रुपये का सामान दूसरे देशों से आयात करता आ रहा था परंतु अब भारत 13000 करोड़ रुपये का सामान दूसरे देशों को निर्यात कर रहा हैं।





















