
आजाद हिंद फौज के हवलदार हीरा सिंह ठाकुर का निधन:
आजाद हिंद फौज के हिमाचल से एकमात्र सिपाही व अंतिम फ्रीडम फाइटर हीरा सिंह ठाकुर दुनिया को अलविदा कह गए हैं। उनका देहांत शनिवार सुबह (8:30 बजे) उनके पैतृक गांव शोटी में हुआ। वह 96 वर्ष के थे। उनका जन्म 2 अक्टूबर 1926 को पच्छाद उपमंडल की शडिया पंचायत के शोटी गांव में हुआ था। उम्र के इस पड़ाव में भी वह पूरी तरह तंदुरुस्त थे। पोते धीरज के अनुसार 2 दिन पहले उन्हें बुखार हुआ था जिसकी दवा भी उन्होंने ली थी, मगर आज सुबह अचानक उनका देहांत हो गया।
प्रदेश के अंतिम फ़ीडम फाइटर की दुःखद मृत्यु पर न केवल क्षेत्र बल्कि समूचा प्रदेश शोक ग्रस्त है। जिला प्रशासन ने पूरे मान सम्मान के साथ उनकी अंतिम यात्रा के प्रबंध किए हैं। उपायुक्त राम कुमार गौतम ने इसे दुःखद घटना करार देते हुए कहा कि प्रशासन दिवंगत की अंतिम यात्रा की रस्म को पूरे मान सम्मान के साथ पूरी करेगा। इसके लिए एसडीएम पच्छाद को जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं।
बता दें कि हीरा सिंह ठाकुर मई, 1942 को आजाद हिंद फौज में शामिल हुए थे। बतौर हवलदार उन्होंने सिंगापुर, वर्मा, नागालैंड व आसाम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के साथ आजादी के संग्राम में बढ़चढ़ कर भाग लिया। उन्होंने 2 साल दिल्ली लाल किला तथा अटक में कारावास भी भोगा। हीरा सिंह ठाकुर मिलनसार और सामाजिक व्यक्ति थे।





















