राहुल का पंजाब दौरा चुनावी हथकंडा : तरुण चुग
चंडीगढ़, 29 जनवरी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने बयान जारी कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के स्वर्ण मंदिर दौरे को चुनावी नौटंकी के तहत जनता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश करार दिया।
चुग ने कहा कि राहुल गांधी को अपने परिवार द्वारा पोषित कांग्रेस द्वारा पंजाब में 1984 के ऑपरेशन ब्लूस्टार और पूरे देश में महिनों तक चले हृदयविदारक सिख नरसंहार जैसे कुकृत्य को अंजाम देने के लिए अपने परिवार की ओर से खुले मन से माफी मांगनी चाहिए थी। उनका स्वर्णमंदिर जाना सिख समाज को बेवकूफ समझकर उनका क्रूर उपहास उड़ाना है।
चुग ने कहा कि गांधी परिवार कमलनाथ, जगदीश टाइटलर और सज्जन कुमार जैसे नेताओं की रक्षा कर रहा है जो दिल्ली में सिखों के नरसंहार के लिए सूत्रधार थे।
चुग ने कहा की गांधी परिवार के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ता दिल्ली समेत देश के सभी हिस्सों में, जहां-जहां सिख रहते थे, सिखों परिवारों के बच्चे, जवान, बूढ़े सभी पर क्रूरतम ताण्डव मचाकर कहर बरपाते रहे और राहुल गांधी इसे मामूली भूल मानते हुए पंजाबियों से माफी मांगने का नाटक करते हैं। चुनावी मौसम की नजाकत की मजबूरी में उनका स्वर्ण मंदिर आना महज नौटंकी के अलावा और कुछ नहीं है।
चुग ने कहा कि राहुल के पंजाब दौरे से कांग्रेस में उभरी फूट भी उजागर हुई है क्योंकि पार्टी के पांच वरिष्ठ सांसदों ने राहुल गांधी की कार्यशैली के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करने के लिए राहुल गांधी के कार्यक्रम का बहिष्कार किया था। चुग ने कहा कि गांधी परिवार के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार पंजाब को बुरी तरह से पिछे धकेल चुकी है और नतीजतन इस विधानसभा चुनावों में जनता उसे धूल चटाने को तैयार है।