14 जनवरी तक नहीं बजेंगी लाखों कुंवारों की शहनाइयां

जैतो, 16 दिसंबर (रघुनंदन पराशर) मलमास आज से शुरू हो गया है और यह 14 जनवरी तक चलेगा।इस दौरान भारत के लाखों सनातन धर्म के लोग अपने बच्चों की शादी नहीं कर पाएंगे। यह जानकारी आज जैतो में प्रख्यात ज्योतिषी दिवंगत पंडित कल्याण सरूप शास्त्री विद्यालंकार के पुत्र पंडित शिव कुमार शर्मा ने दी। हिन्दू शास्त्रों के अनुसार मलमास शुरू हो जाने से विवाह संस्कारों पर एक महीने के लिए रोक लग गई है।इसके अलावा जनेऊ संस्कार , किसी नए घर प्रवेश, नए वाहन, भूमि , पहली बार तीर्थस्थल पर जाना, राज अभिषेक, तालाब- कुआं खोदने और मूर्ति स्थापना नहीं करनी चाहिए क्योंकि यह हिंदू शास्त्रों के अनुसार निषिद्ध है। पंडित शिव कुमार ने कहा कि लाखों सनातन धर्मियों और अन्य वर्गों के लोग चाहते हैं कि उनके बच्चों की शादी केवल शुभ मुहूर्त में हो। मलमास की शुरुआत के कारण लाखों कुंवारों लड़के – लड़कियों को अब अपने विवाह संस्कार के लिए लगभग एक महीने तक इंतजार करना होगा। पंडित शिव कुमार ने कहा कि जब गुरु की राशि में सूर्य प्रवेश करते हैं तो मलमास का योग बनता हैं।उन्होंने कहा कि मलमास के इस महीने में पूजा-पाठ, उपवास और दान का अत्यधिक महात्म्य माना जाता है। इसके अलावा रामायण, गीता और अन्य धार्मिक एवं पौराणिक ग्रंथों के दान आदि का भी विशेष महत्व माना जाता है। इस विश्वास के कारण ही श्रद्धालु मलमास के महीने में विशेष पूजा- अर्चना और दान करते हैं।






















