
चंडीगढ, 12 फरवरी (विश्ववार्ता) केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने घोषणा की है कि हज यात्रा 2023 के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 मार्च है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन जमा करने की शुरुआत 10 फरवरी, 2023 से हुई। लोग हज समिति की वेबसाइट hajcommittee.gov.in/haf23 पर आवेदन कर सकते हैं।सऊदी अरब ने जनवरी में घोषणा की थी कि इस साल हज के लिए तीर्थयात्रियों की संख्या की कोई सीमा नहीं होगी।
बता दें, अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने छह फरवरी को नई हज नीति की घोषणा की थी, जिसके तहत हज यात्रा के लिए आवेदन पत्र मुफ्त में उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही हज यात्रा के लिए पैकेज की राशि 50,000 रुपये कम की गई है। नई हज नीति को साझा करते हुए मंत्रालय ने कहा कि महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजन और बुजुर्गों के लिए यात्रा के दौरान विशेष व्यवस्था की गई है।





















