
चंडीगढ़, 6 अप्रैल (विश्व वार्ता) लोकसभा की बैठक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इस दौरान विपक्षी सदस्य अदाणी मामले की संयुक्त संसदीय समिति गठित किए जाने की मांग को लेकर आसन के समीप नारेबाजी कर रहे थे।
आज सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य नारेबाजी करने लगे। उनके हाथों में तख्तियां भी थी जिस पर JPC गठित करने की मांग लिखी हुई थी। लोकसभा अध्यक्ष ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा कि आपका जिस प्रकार का आचरण है, वह सदन की उच्च परंपरा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का व्यवहार संसदीय प्रणाली के लिए भी ठीक नहीं है तथा सदन एवं देश के लिए भी अच्छा नहीं है।























