

रूस-यूक्रेन युद्ध को एक साल पूरा
जेलेंस्की बोले- 2023 हमारी जीत का वर्ष होगा…पूरी ताकत से लड़ेंगे
संयुक्त राष्ट्र महासभा में युद्ध समाप्त करने का प्रस्ताव पारित
भारत, पाकिस्तान और चीन ने मतदान नहीं किया
चंडीगढ़ 24 फरवरी (विश्व वार्ता) – रूस-यूक्रेन युद्ध को आज एक वर्ष पूरा हो गया है। इसके साथ ही कल देर रात संयुक्त राष्ट्र महासभा में यूक्रेन में शांति और रूसी सेना की वापसी को लेकर एक प्रस्ताव लाया गया। प्रस्ताव दो तिहाई बहुमत से पारित हुआ। 141 देशों ने प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके साथ ही सात देशों बेलारूस, उत्तर कोरिया, सीरिया, माली, रूस, इरीट्रिया और निकारागुआ ने प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया।भारत, चीन और पाकिस्तान सहित 32 देशों ने संयुक्त राष्ट्र में इस प्रस्ताव पर मतदान में भाग नहीं लिया। वही दूसरी तरफ यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के आक्रमण का एक साल पूरा होने पर 2023 में जीत के लिए पूरी ताकत झोंकने का संकल्प लिया। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने ट्वीट किया कि यूक्रेनवासियों ने खुद को ‘‘अजेय” साबित किया है। जेलेंस्की ने बीते साल को ‘‘दर्द, दुख, विश्वास और एकता का वर्ष” कहा। उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि 2023 हमारी जीत का वर्ष होगा।
इसके साथ ही रूस का समर्थन करते रहे चीन के विदेश मंत्रालय ने आज 12 सूत्रीय शांति योजना जारी की। उसने रूस और यूक्रेन के बीच युद्धविराम की अपील की है। दोनों देशों के बीच शांति वार्ता के साथ ही पश्चिमी देशों द्वारा रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों को भी खत्म करने को कहा गया है। चीन ने कहा कि इस युद्ध में परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। इसके साथ ही दोनों देशों को अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का पालन करते हुए नागरिकों पर हमला नहीं करना चाहिए। चीन ने अपनी शांति योजना में शीत युद्ध की मानसिकता को समाप्त करते हुए अमेरिका से अन्य देशों के मामलों में हस्तक्षेप न करने की भी मांग की।





















