
आम आदमी पार्टी, बीआरएस, शिवसेना ने राज्यसभा से किया वाकआउट
चंडीगढ, 8 फरवरी (विश्ववार्ता) : राज्यसभा में आम आदमी पार्टी और शिवसेना के ठाकरे गुट और भारत राष्ट्र समिति के सदस्यों ने अपने अपने कार्य स्थगन नोटिस सभापति द्वारा अस्वीकार किए जाने के विरोध में सदन से वाकआउट कर दिया। उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए गए। उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति जगदीप धनखड़ ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। उन्होंने सदन को सूचित किया कि उन्हें आप सदस्य संजय सिंह, शिवसेना के संजय राउत और प्रियंका चतुर्वेदी तथा बीआरएस सदस्य के केशव राव ने नियम 267 के तहत नोटिस दिए हैं। उन्होंने बताया कि ये नोटिस नियत कामकाज निलंबित कर अपने अपने मुद्दों पर चर्चा के लिए दिए गए हैं लेकिन आसन द्वारा दी गई व्यवस्था के अनुरूप न होने की वजह से उन्होंने ये नोटिस अस्वीकार कर दिए हैं।























