
बंदी सिखों की रिहाई पर हिंसा मामला: आज हडताल को खत्म कर काम पर लौटेंगे वकील
चंडीगढ, 16 फरवरी (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ के सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत में वकील आज से काम पर लौटेंगे। चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर बंदी सिखों की रिहाई मामले में बीते दिनों 8 फरवरी हो हुई हिंसा में चंडीगढ़ जिला अदालत के 2 वकीलों को भी आरोपी बनाया गया था। वकीलों के प्रतिनिधिमंडल ने गृह सचिव और एसएसपी से मुलाकात की। अधिकारियों ने वकीलों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद बार एसोसिएशन ने फैसला लिया की वह गुरुवार को हड़ताल खत्म कर कामकाज पर लौटेंगे। वकील गुरुवार को लॉयर चैंबर्स के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे लेकिन कामकाज जारी रहेगा।
बता दें कि चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर आठ फरवरी को कौमी इंसाफ मोर्चा और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। इस मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसमें एडवोकेट अमर सिंह चहल और दिलशेर सिंह जंडियाला का नाम भी शामिल है। जिला बार एसोसिएशन की मांग है कि एफआईआर में दर्ज दोनों वकीलों का नाम हटाया जाए।





















