
देश में फिर किसान बड़े आंदोलन की तैयारी मे
इस तारिख को दिल्ली कूच कर महापंचायत की तैयारी में किसान
किसान संगठनों की यह है मांगें
चंडीगढ, 11 फरवरी (विश्ववार्ता) : देश मे फिर आंदोलन की सुगबुआहट धधकने लगी है। राजधानी दिल्ली की सडक़ों पर फिर किसानों का जत्था नजर आ सकता है। दरअसल किसानों का आंदोलन फिर एक बार जोर पकड़ सकता है। संयुक्त किसान मोर्चा ने दोबारा एक बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। 20 मार्च को दिल्ली कूच कर महापंचायत की तैयारी में किसान हैं। हरियाणा के कुरुक्षेत्र की जाट धर्मशाला में गुरुवार को संयुक्त किसान मोर्चा की एक बैठक हुई। इस बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा ने 20 मार्च को दिल्ली कूच कर महापंचायत करने का निर्णय लिया है।
सूत्रों के अनुसार किसान आंदोलन के दौरान सरकार ने जो किसानों से वादे किए थे, वो अभी तक पूरे ना होने की वजह से किसान दोबारा दिल्ली में एक महापंचायत की तैयारी करने जा रहे हैं। किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य सहित अपनी कई मांगों पर पहले भी लंबा आंदोलन कर चुके हैं। कई दौर की बातचीत के बाद सरकार ने मांगों को पूरा करने का वायदा तो किया था लेकिन किसानों का कहना है कि हमारी मांगों को अभी तक पूरा नहीं किया गया है। संयुक्त किसान मोर्चा स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, कर्ज माफी, लखीमपुर मामले में केंद्रीय मंत्री को पद से हटाने, किसान आंदोलन के दौरान किसानों से किए वादे पूरे करने समेत एमएसपी को लागू करने की मांग कर रहा है।























