
दिल्ली, चंडीगढ और अब हरियाणा मे भी लगे मोदी हटाओ- देश बचाओ के पोस्टर
चंडीगढ़, 31 मार्च (विश्व वार्ता) आम आदमी पार्टी द्वारा देशभर में अपना पोस्टर अभियान चला रही है जिसके तहत वो 11 भाषाओं में ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ के पोस्टर लगा रही है। इसका एलान पार्टी ने बीते मंगलवार को किया था और इसी लडी मे आज हरियाणा के गुरुग्राम में आम आदमी पार्टी ने मोदी हटाओ- देश बचाओ के पोस्टर लगा दिए हैं। जिला प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद पोस्टर लगे हैं। यह पोस्टर आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष ने लगाए हैं। पुलिस के तमाम आला अधिकारी मौके पर तफ़्तीश में जुटे हुए हैं।
इससे पहले कल चंडीगढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के नेता व वार्ड नंबर 21 से नगर पार्षद जसबीर सिंह लाडी ने अपने वार्ड में ‘मोदी हटाओं, देश बचाओ’ के पोस्टर लगाए हैं। चंडीगढ़ ‘आप’ नेता जसबीर सिंह लाडी ने कहा कि पार्टी के निर्देश पर ये पोस्टर लगाये हैं उन्होने यह पोस्टर सेक्टर 47 और फैदा गांव में लगाए हैं।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में दिल्ली में मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टर लगाने के मामले में पुलिस ने 100 से अधिक प्राथमिकी दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार किया था. इसके साथ ही पूरी दिल्ली से ऐसे करीब 2 हजार पोस्टर हटाए गए। यह कार्रवाई प्रिटिंग प्रेस एक्ट और डिफेंस ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट के तहत की गई। इसके अलावा आप के प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने मंगलवार को बताया था कि देश में भाजपा की अघोषित तानाशाही लागू हो चुकी है। वह लोकतंत्र खत्म करने में लगी हुई है। भाजपा चुनाव आयोग व सीबीआई-ईडी को अपने इशारे पर चलने पर मजबूर कर रही है।























