
फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और केंद्रीय खेल राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने फिट इंडिया मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। फिट इंडिया कार्यक्रम के दो साल पूरे होने पर मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में ये लॉन्चिंग की गई। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह एक मुफ्त मोबाइल ऐप्लिकेशन है, जो फिटनेस की निगरानी में मदद करेगा। उन्होंने एक स्लोगन भी दिया- फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज। इस मौके पर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘इस ऐप के जरिए आप मॉनिटर कर पाएंगे कि आपने कितने कदम चले, कितनी एक्सरसाइज की। आप इस ऐप में अपना फिटनेस टेस्ट कर सकते हैं और दूसरों को भी टक्कर दे सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐप मेजर ध्यानचंद को एक बड़ी श्रद्धांजलि है जो देश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं।




















