कजाकिस्तान नूर सुल्तान.( विश्ववार्ता) 100 यात्रियों को अपने गंतव्य की ओर ले जा रहे एक यात्री विमान कजाखस्तान के अल्माती एयरपोर्ट के पास उड़ान भरने के ठीक बाद क्रैश हो गया। अब तक 14 लोगों की मारे जाने की खबर है। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विमान में 100 लोग सवार थे। इनमें 95 यात्री और पांच क्रू मेंबर थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘बेक एयर’ एयरलाइन का प्लेन अल्माती शहर से राजधानी नूर सुल्तान की तरफ जा रहा था। टेकऑफ के बाद स्थानीय समयानुसार सुबह 7:22 बजे विमान का संतुलन खो गया और वह दो मंजिला इमारत से टकरा गया।
घटना के बाद इमरजेंसी सेवाएं मौके पर रवाना कर दी गईं। घटनास्थल का एक वीडियो सामने आया है, इसमें एक इमारत के मलबे के नीचे दबी महिला को एंबुलेंस के लिए आवाज लगाते सुना जा सकता है। कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासम जोमार्ट ने घटना पर दुख जताया है। क्रैश का पता लगाने के लिए कमीशन के गठन का ऐलान किया गया है।