
मैनचेस्टर में रद्द हुआ सीरीज का 5वां टेस्ट मैच
बीसीसीआई का बडा बयान आया सामने
पढिये क्या कहा
नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का पांचवां और अंतिम टेस्ट मैच आखिरी वक्त पर रद्द कर दिया गया है. हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कहा है कि इस मैच का आयोजन भविष्य में किया जा सकता है. दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड इसको लेकर बातचीत कर रहे हैं. इस सीरीज में फिलहाल भारत ने 2-1 से बढ़त बनाई हुई है.
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा, ‘ईसीबी और भारतीय बोर्ड रद्द किए गए सीरीज के पांचवें टेस्ट मैच को फिर से आयोजित करने की दिशा में काम करेंगे. खिलाड़ियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा.’ इस बयान में आगे कहा गया है, ‘बीसीसीआई और ईसीबी के बीच मजबूत संबंधों के कारण, भारतीय बोर्ड ने रद्द किए गए टेस्ट मैच (मैनचेस्टर में सीरीज का 5वां टेस्ट) को भविष्य में आयोजित करने की पेशकश की है. दोनों बोर्ड इस टेस्ट मैच को फिर से शेड्यूल करने के लिए एक विंडो खोजने की दिशा में काम करेंगे.’






















