Big Breaking : केंद्र के साथ एक बार फिर बैठक, शाम तक दिल्ली कूच रोका
दिल्ली कूच को लेकर हरियाणा-पंजाब शंभू बॉर्डर पर प्रशासन के साथ झड़प जारी
हरियाणा पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
एसकेएम नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का ये कहना
चंडीगढ, 14 फरवरी (विश्ववार्ता) किसानों की कल सुबह से दिल्ली कूच को लेकर हरियाणा-पंजाब शंभू बॉर्डर पर प्रशासन के साथ झड़प जारी है। किसान आंदोलन का आज दूसरा दिन है और दूसरे दिन भी हजारों की संख्या में किसान यहां डटे हुए हैं। इतना ही नहीं, अब किसानों के साथ महिलाएं भी मोर्चा लिए खड़ी हो गई हैं। इसी बीच जानकारी सामने आई है कि केंद्र की तरफ से मीटिंग की कॉल आई है। इसके बाद किसानों ने अभी शाम तक दिल्ली कूच रोक दिया है। बस अब बैठक के नतीजे पर सबकी नजर हैं।
वहीं एसकेएम नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि मीडिया के माध्यम से हमें पता चला है कि अनुराग ठाकुर ने कहा है कि वे बातचीत के दौरान मुद्दों का समाधान निकालने के लिए तैयार हैं। वहीं इसके लिए हमने अपने सभी साथियों से अनुमति ली है जिसके तहत अब हम सरकार के साथ बातचीत करेंगे। हमारी प्राथमिकता यह है कि बातचीत चंडीगढ़ या विरोध स्थल के आसपास कहीं भी हो।
किसानों के प्रदर्शन के कारण हरियाणा पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाले यात्री पंचकूला, बरवाला, दोसड़का, बराड़ा, बबैन, लाडवा, पिपली, कुरुक्षेत्र के रास्ते अथवा पंचकूला, बरवाला, यमुनानगर (एनएच-344) , लाडवा, इंद्री, करनाल होते हुए दिल्ली पहुंचे। इसी प्रकार, दिल्ली से चंडीगढ़ के लिए करनाल, इंद्री, लाडवा, यमुनानगर (एनएच-344), बरवाला, पंचकूला होते हुए अथवा करनाल, पिपली, लाडवा, बबैन, बराड़ा, दोसड़का, बरवाला, पंचकूला होते हुए अपने गन्तव्य स्थान पर पहुंचे।
हिसार व सिरसा से चंडीगढ़ जाने वाले यात्री कैथल (152-डी), पेहवा से कुरुक्षेत्र होते हुए बबैन,बराड़ा, दोसड़का, बरवाला होते हुए पंचकूला पहुंच सकते हैं। इसी प्रकार, रेवाड़ी, नारनौल, जींद से आने वाले यात्री कैथल से पेहवा, कुरुक्षेत्र, लाडवा, बबैन, बराड़ा, दोसड़का से पंचकूला पहुंच सकते हैं। किसी भी असहज परिस्थिति में डायल-112 पर संपर्क करें। हरियाणा पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि किसान संगठनों द्वारा दिल्ली कूच की घोषणा को देखते हुए पंजाब जाने के लिए एहतियात के तौर पर रेल मार्ग का उपयोग करें।