
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट आज अहम सुनवाई
केजरीवाल ने ईडी की कस्टडी से किया दूसरा आदेश जारी
चंडीगढ़, 27 मार्च (विश्ववार्ता) शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय की गिरफ्तारी के खिलाफ अरविंद केजरीवाल की याचिका पर आज दिल्ली हाईकोर्ट सुनवाई करेगा। आप नेता और दिल्ली पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि आज पूरी दिल्ली को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। भाजपा के नेता, केंद्र सरकार, केंद्र के मंत्री, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगर ये सोचते हैं कि पुलिस की आड़ में छिप जाएंगे और जवाब नहीं देना पड़ेगा, तो बड़ी भूल में हैं। आपका खेल अरविंद केजरीवाल को जेल भेजद्य शरथ चंद्र रेड्डी को 60 करोड़ इलेक्ट्रोरल बॉन्ड और एक बयान पर बेल? अब सच देश के सामने है।
केजरीवाल ने हाई कोर्ट में अपनी याचिका में दलील दी थी कि गिरफ्तारी और रिमांड आदेश दोनों अवैध हैं और वह तुरंत हिरासत से रिहा होने के हकदार हैं। बता दें कि, दिल्ली शराब घोटाले मामले में अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल केजरीवाल सात दिन की ईडी की रिमांड पर हैं।
आम आदमी पार्टी ने अपने एक्स पर एक वीडियो के साथ पोस्ट साझा की। पोस्ट पर लिखा कि पीएम आवास की तरफ मार्च कर रहे आप कार्यकर्ताओं को पटेल चौक मेट्रो पर हिरासत में लिया गया। प्रधानमंत्री मोदी को अब दिल्ली में फैले हजारों केजरीवालों से भी डर लगने लगा है। जब-जब मोदी डरता है, पुलिस को आगे करता है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईडी की कस्टडी से मंगलवार को अपना दूसरा आदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि सरकारी मोहल्ला क्लीनिकों में मुफ्त दवाइयां और पैथोलॉजिकल टेस्ट उपलब्ध कराए जाएं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री चाहते हैं कि किसी भी दिल्लीवासी को उनकी अनुपस्थिति में कोई परेशानी नहीं हो। चाहे वह जेल के अंदर हों या बाहर, जब भी कोई गरीब व्यक्ति दवा लेने के लिए सरकारी अस्पताल जाता है, तो उसे दवा मिलनी चाहिए। एक मध्यम वर्गीय व्यक्ति दवा खरीद सकता है, लेकिन दिल्ली में लाखों गरीब परिवार दवाओं के लिए पूरी तरह से सरकारी अस्पतालों और मोहल्ला क्लीनिकों पर निर्भर हैं। इनमें से कुछ दवाएं जीवन भर लेनी पड़ती हैं।




















