
चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष को मिली जान से मारने की धमकी
कांग्रेस अध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने लिया संज्ञान, मामले की जांच मे जुटी
चंडीगढ़, 26 मार्च (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष और स्थानीय लोकसभा सीट से चर्चित दावेदार हरमोहिंदर सिंह लकी को धमकी दी गई है। उन्हें एक पाकिस्तानी नंबर के जरिए व्हाट्सएप कॉल कर धमकी दी गई। एचएस लकी का कहना है कि, उन्हें दो बार पाकिस्तानी नंबर से कॉल की गई। जब पहली बार उन्होंने कॉल उठाई तो कॉल पर मौजूद शख्स ने उनका नाम लिया और इलाज कर देने की बात कही। इसके बाद उन्हें दोबारा भी उसी नंबर से कॉल आई. जो उन्होंने रिसीव नहीं की। फिलहाल, धमकी भरे कॉल से एचएस लकी और उनके परिवार में चिंता और डर का माहौल है। एचएस लकी ने इस बारे में चंडीगढ़ एसएसपी कंवरदीप कौर को लिखित में सारी जानकारी दी है और शिकायत दर्ज कराते हुए अपने और अपने परिवार के लिए सुरक्षा मांगी है।
फिलहाल चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामले को संज्ञान में ले लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस पता लगाएगी कि आखिर एचएस लकी को पाकिस्तान से कौन धमकी दे रहा है? पाकिस्तानी नंबर से किसने कॉल की? धमकी देने वाला चाहता क्या है और एचएस लकी को क्यों धमका रहा है? बहराल, अब पूरा माजरा पुलिस की जांच-पड़ताल से ही सुलझेगा।
बतां दे कि लोकसभा चुनाव को लेकर हर तरफ उम्मीदवारों की घोषणा हो रही है लेकिन अब तक एक एकलौती हॉटसीट चंडीगढ़ के लिए न तो बीजेपी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा की है और न ही कांग्रेस ने। चंडीगढ़ सीट पर दोनों पार्टियों के लिए अपने उम्मीदवार डिक्लेयर करने में गहरा पेंच फंसा हुआ है। कांग्रेस की बात करें तो पार्टी की तरफ सबसे पहले दावेदार हैं पूर्व सांसद पवन कुमार बंसल। इसके बाद मनीष तिवारी का नाम भी जोरदार चर्चा में है और इसके साथ ही एचएस लकी की उम्मीदवारी पर चर्चा बनी हुई है।




















