
पंजाब में फिर दुखदाई खबर से मचा हाहाकार
युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
चंडीगढ़, 24 मार्च (विश्ववार्ता) विदेशो मे पंजाबियों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नही ले रहा है हर दिन कोई न कोई खबर से देश मे बैठी मां का कलेजा बाहर निकल आता है। अभी खबर सामने आ रही है कि पंजाब के होशियारपुर जिले के हलका दसूहा के मोहल्ला कैंथा के रहने वाले युवक मंगत राम की बीते दिनों आर्मेनिया में मौत हो जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। परिवार ने बताया कि उनका बेटा 13 फरवरी को रोजी-रोटी कमाने के लिए आर्मेनिया गया था, जहां वह लेबर का काम करता था।
उन्होंने बताया कि उन्हें फोन आया कि उनके बेटे ने आत्महत्या कर ली है, इसके बाद पूरा परिवार सदमे में है। मंगत राम अपने परिवार का इकलौता लडक़ा था और परिवार के पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी उसके सिर पर थी। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और वह परिवार की गरीबी दूर करने के लिए विदेश गया था।
मंगत के परिवार की हालत बेहद खराब है। उसके पिता ने कर्ज लेकर उसे विदेश भेजा था ताकि वह अपना घर के हालात ठीक कर सके पर उन्हें नहीं पता था कि उसकी मौत हो जाएगी। परिवार ने कहा कि उन्हें बाहर से फोन आया था कि उनके बेटे ने खुदकुशी कर ली है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा बहुत बहादुर है और वह खुदकुशी वहीं कर सकता। परिवार ने आरोप लगाए हैं कि उसकी हत्या की गई है। परिवार ने बेटे के शव को भारत लाने के लिए सरकार से गुहार लगाई है।




















