
एक बार फिर लोकसभा चुनाव में पंजाब में शिरोमणि अकाली दल व भाजपा मे हो सकता है गठजोड
इस फॉर्मूले पर बन सकती है बात
चंडीगढ़, 19 मार्च (विश्ववार्ता): देश मे लोकसभा चुनावों की तारिखों का शंखनाद हो चुका है सभी पार्टियों अब जोड तोड मे लग चुकी है। वही भाजपा की पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के साथ लोकसभा चुनाव में गठबंधन की बात चल रही है और यदि गठबंधन हो जाता है तो राज्य की 13 संसदीय सीटों में से चार से पांच सीट भाजपा को मिलने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार भाजपा लोकसभा चुनावों में 370 का आंकड़ा पार करने एवं सहयोगियों के साथ मिल कर 400 से अधिक सीटें हासिल करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी के लिये वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सदस्यों के विस्तार के लिये काम कर रही है।
सूत्रो से खबर है कि केंद्रीय गृहमंत्री और पार्टी के एक प्रमुख रणनीतिकार अमित शाह ने भी हाल ही में एक टीवी इंटरव्यू के दौरान कहा था कि शिरोमणि अकाली दल के साथ भाजपा ने गठबंधन नहीं तोड़ा था। जिस तरह बीजेपी ने नीतीश कुमार को साथ लेने में कोई देरी नहीं की, उसे देखते हुए कहा जा सकता है भाजपा-अकाली फिर से मिल कर चुनाव लड़ सकते हैं।
सूत्रों की मानें तो दोनों दलों के बीच बातचीत सीटों की संख्या को लेकर हो रही है। शिरोमणि अकाली दल ने भाजपा के लिये चार से पांच सीट देने की पेशकश की है जबकि भाजपा ने पांच से छह सीटों पर दावा किया है। वैसे भाजपा ने पंजाब की सभी 13 सीटों पर लडऩे की तैयारी कर रखी है और सभी सीटों पर उम्मीदवारों के पैनल भी तैयार है, लेकिन परेशानी यह है कि किसान आंदोलन और उसमें खालिस्तानी दुष्प्रचार के कारण भाजपा की छवि सिख वोटरों में बहुत असरदार नहीं है।
इसलिये कहा जा सकता है कि शिरोमणि अकाली दल से गठबंधन करना अब भाजपा के लिए कुछ कुछ मजबूरी का सौदा हो गया है। शिरोमणि अकाली दल ने भी इस बात को अच्छी तरह से समझ लिया है। सूत्रों के अनुसार यदि अकाली दल अपने वोटरों के रुख को लेकर आश्वस्त हो जाता है तो दोनों दलों के बीच पांच सीटों पर समझौता हो सकता है। अगले एक से दो दिन में होने वाली कोर समूह की बैठक में इस बारे में कोई सहमति बनने की संभावना है।























