
ईडी ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नया मामला खोला
ईडी के 9वें समन पर आतिशी का बड़ा आरोप, कहा ईडी-सीबीआई का इस्तेमाल कर रही बीजेपी
आप का आरोप लोकसभा चुनाव से पहले केजरीवाल को जेल में डालना चाहती है …
कहा ईडी-सीबीआई का इस्तेमाल कर रही बीजेपी
चंडीगढ़, 17 मार्च (विश्ववार्ता) आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) से जुड़े एक “फर्जी” मामले में अपनी जांच में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नया समन भेजा है। आतिशी ने यहां एक प्रेस वार्ता में दावा किया, ‘‘कोई नहीं जानता कि डीजेबी का यह मामला किस चीज को लेकर है। यह किसी भी तरह केजरीवाल को गिरफ्तार करने और उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार करने से रोकने की एक वैकल्पिक योजना लगती है।”
ताजा मामले में दिल्ली सीएम को कल दो नोटिस भेजे गए हैं, आबकारी मामले में नौवां समन भेजा गया है और दिल्ली जल बोर्ड के एक मामले में पहला समन भेजा गया है। भाजपा और मोदी जी को कोर्ट का इंतजार नहीं है, वे किसी न किसी तरह केजरीवाल को जेल में डालना चाहते हैं कि जिससे केजरीवाल लोकसभा चुनाव में अपने प्रत्याशियों के लिए प्रचार नहीं कर सकें।
आतिशी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के कुछ घंटों बाद शनिवार को दो समन मिले जिनमें केजरीवाल को अगले सप्ताह संघीय एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि इनमें से एक आबकारी नीति मामले से जुड़ा है और दूसरा डीजेबी से संबंधित है। ‘आप’ नेता ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजनीतिक विरोधियों को खत्म करने के लिए ईडी और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को अपने “गुंडों” के रूप में इस्तेमाल कर रही है। इस पर ईडी और सीबीआई की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।





















