
हरियाणा की राजनीति में बड़ी उथल- पुथल के बीच अब बिजली निगमों के चेयरमैन पीके दास ने भी दिया इस्तीफा
चंडीगढ़, 16 मार्च (विश्ववार्ता) बिजली निगमों के चेयरमैन पीके दास ने भी इस्तीफा दे दिया है। इस बीच सेवानिवृत्त आईएएस पीके दास ने भी आज बिजली निगमों में चेयरमैन के पद से इस्तीफा दे दिया। पीके दास 1986 बैच के पूर्व आईएएस हैं। सेवानिवृत्त होने के बाद मनोहर सरकार द्वारा उन्हें बिजली निगमों के चेयरमैन पद पर तैनात किया गया था। जहां से आज उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया।
हरियाणा में आज दिन भर कार्यभार बदलाव का दौर चलता है। पूर्व मंत्रियों के साथ अटैच स्टाफ को जहां उनके मूल विभागों में भेज दिया गया वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के ओएसडी पद पर कार्यरत कमलेश कुमार भादू को भी इस पद से मुक्त कर दिया गया। वर्ष 2002 बैच के एचसीएस अधिकारी भादू को अब सरकार ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव के पद पर लगाया है।
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल में जोन स्तर पर मीडिया को-आर्डिनेटर नियुक्त किए थे। अब मुख्यमंत्री के बदलते ही मीडिया को-आर्डिनेटर को रिलीव कर दिया गया है। शुक्रवार को सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव वी उमाशंकर की ओर जारी आदेशों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तरफ से करनाल में कार्यरत मीडिया को-आर्डिनेटर जगमोहन आनंद, पानीपत के मीडिया को-आर्डिनेटर रणदीप घनघस और रोहतक के मीडिया को-आर्डिनेटर राजकुमार कपूर को पद मुक्त कर दिया गया है।





















