
हाईकोर्ट ने प्लॉट घोटाला मामले में पूर्व वित्तमंत्री मनप्रीत बादल को दी बडी राहत
चंडीगढ, 7 दिसंबर (विश्ववार्ता) पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट ने आज बठिंडा प्लॉट आवंटन घोटाले में फंसे बीजेपी नेता मनप्रीत सिंह बादल को बडी राहत देते हुए उनकी अग्रिम जमानत 15 फरवरी तक जारी रखी है।
पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान स्टेट काउंसिल ने अपना जवाब दाखिल किया तो दूसरे तरफ से समय मांगा गया है। जिसके चलते अब पूर्व वित्त मंत्री को 15 फरवरी तक अग्रिम जमानत की राहत जारी है, इस के साथ ही उनकी गिरफ्तारी पर रोक बरकरार है। गौरतलब है कि 24 सितंबर को बठिंडा के मॉडल टाउन इलाके में बीडीए अधिकारियों की मदद से 1560 गज का प्लॉट कम कीमत में खरीदने के मामले में विजिलेंस ब्यूरो की बठिंडा थाना पुलिस ने पूर्व मंत्री मनप्रीत बादल और उनके पांच साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
मनप्रीत पर ये हैं आरोप
मनप्रीत के खिलाफ एफआईआर में आरोप है कि उन्होंने अपने पद और शक्ति का इस्तेमाल कर बठिंडा विकास प्राधिकरण (बीडीए) को प्रभावित किया है। प्लाटों को वर्ष 2021 में कम दर पर नीलामी के लिए रखा और साइट प्लान अपलोड नहीं किया। ऐसा कर जनता को नीलामी प्रक्रिया में शामिल होने से रोक दिया। याचिकाकर्ता के विश्वासपात्र लोग जिन्हें साइट के विवरण की विशेष जानकारी थी उन्होंने नीलामी में भाग लिया और उक्त भूखंडों को लगभग आरक्षित मूल्य पर प्राप्त कर लिया। इससे राज्य के खजाने को नुकसान हुआ। सोमवार को हाईकोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद पंजाब सरकार को सात दिसंबर के लिए नोटिस जारी कर जवाब तलब किया। कोर्ट ने अगली सुनवाई तक बादल की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए जांच में सहयोग करने का भी आदेश दिया।























