
प्रधानमंत्री मोदी ने स्वदेशी तेजस लड़ाकू विमान में भरी उड़ान
चंडीगढ,25 नवंबर (विश्ववार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बेंगलुरु में स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस में उड़ान भरी। उड़ान भरने के बाद उन्होंने कहा कि उनके लिए यह शानदार अनुभव रहा। इससे देश की क्षमताओं में उनका भरोसा और बढ़ा है। तेजस पूरी दुनिया में धूम मचा रहा है। अमेरिका समेत दुनिया के कई बड़े देशों ने इसमें दिलचस्पी दिखाई है। इस विमान को हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने बनाया है। यह एक इंजन वाला बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान है जो किसी भी परिस्थिति में अपने काम को बखूबी अंजाम दे सकता है। इस विमान ने दुनिया को भारतीय टेक्नोलॉजी की खूबियों से परिचित कराया है।
आईएएफ के चीफ एयर मार्श वीआर चौधरी ने अक्टूबर में कहा था कि 97 और तेजस खरीदने की योजना पर विचार चल रहा है। यह सौदा 67,000 करोड़ रुपये का हो सकता है। एचएएल की क्षमता बेंगलुरु में हर साल 16 विमान बनाने की है। साथ ही कंपनी नासिक में भी एक फैसिलिटी बना रही है। इससे उसकी क्षमता सालाना 24 जेट बनाने की हो जाएगी। एएएल इस विमान को अर्जेंटीना, नाइजीरिया, मिस्र और फिलीपींस को एक्सपोर्ट करने की संभावना तलाश रही है।























