
शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर से उड़ानों का सर्दियों के लिए कार्यक्रम जारी
आज दिल्ली के लिए आखिरी उड़ान रात इतने बजे से
चंडीगढ़, 29 अक्तूबर (विश्ववार्ता): पंजाब मे सर्दी ने दस्तक दे दी है और मौसम मे ठंडक का अहसास होने लगा है। इसी बीच शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे के आसपास इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) कैट-2 को लगवाया जा चुका है। एयरपोर्ट के रनवे या उसके आसपास 400 मीटर की विजिबिलिटी में भी विमान उतर और उड़ान भर सकेंगे।
शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर से उड़ानों का सर्दियों के लिए कार्यक्रम जारी किया गया है। एयरपोर्ट के सीईओ राकेश आर सहाय ने बताया कि 30 अक्तूबर से दिल्ली के लिए आखिरी उड़ान रात एक बजे होगी। नए कार्यक्रम में एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए सुबह पांच बजे पहली और अंतिम उड़ान रात एक बजे होगी।
इससे पहले चंडीगढ़ एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए आखिरी फ्लाइट रात 11:45 बजे थी। अब एयरपोर्ट से 56 घरेलू और एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान का आवागमन होगा। नया कार्यक्रम 30 मार्च 2024 तक लागू रहेगा। इसमें 9 नई उड़ानों को शामिल किया गया है। सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान दुबई के लिए चलेगी।





















