
पीएम नरेंद्र मोदी आज मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में आयोजित IOC के 141वें सत्र का करेंगे उद्घाटन
चंडीगढ़, 14 अक्तूबर (विश्ववार्ता) पीएम नरेंद्र मोदी 14 अक्टूबर आज मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के 141वें सत्र का उद्घाटन करेंगे। इस साल 141वां IOC सेशन 15 से 17 अक्टूबर तक मुंबई में आयोजित किया जाएगा। हर साल आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति सत्र की खेल की दुनिया में अलग ही पहचान है। इस सत्र के दौरान आईओसी के सदस्य ओलंपिक से जुड़ी चर्चा के लिए इकट्ठे होते हैं और सत्र के दौरान कई मुद्दों पर निर्णय लेते हैं।
इससे पहले IOC का 86वां सत्र 1983 में नई दिल्ली में आयोजित किया गया था. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि भारत में आयोजित होने वाला 141वां आईओसी सत्र वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने, खेल उत्कृष्टता का जश्न मनाने और दोस्ती, सम्मान और उत्कृष्टता के ओलंपिक आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए देश के समर्पण का प्रतीक है। इसमें कहा गया है कि यह खेल से जुड़े विभिन्न हितधारकों के बीच बातचीत और ज्ञान साझा करने का अवसर प्रदान करता है।





















