
पंजाब पुलिस के एआईजी आशीष कपूर को मिली राहत
चंडीगढ़, 13 अक्टूबर (विश्ववार्ता): आय से अधिक संपत्ति मामले मे पंजाब पुलिस के एआईजी आशीष कपूर को कोर्ट से सोमवार तक राहत मिल गई है। बतां दे कि विजिलेंस ब्यूरो ने आशीष कपूर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया था। आरोप है कि उन्होंने अपनी आमदनी से 129.3 फीसदी अधिक खर्च किया है। जांच में सामने आया कि उन्होंने एक अगस्त 2017 से 31 अगस्त 2022 तक चंडीगढ़ और मोहाली के आसपास गैरकानूनी ढंग से कई कीमती अचल संपत्ति अर्जित की थी। इनकी मार्केट वैल्यू रजिस्टर्ड कीमत से कहीं अधिक है। इस दौरान उनकी आय 2,44,64,871 रुपये थी जबकि उनका खर्च 5,60,90,650 था।
इससे पहले उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया था और उन्हें छह अक्तूबर 2022 को हिरासत में ले लिया गया था। इस मामले में जिला अदालत से जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्होंने हाईकोर्ट की शरण ली थी। हाईकोर्ट ने 30 मई 2023 को उन्हें नियमित जमानत दे दी थी। वह जेल से बाहर आते इससे पहले विजिलेंस ने एक और एफआईआर दर्ज कर ली और उसी दिन उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इसके चलते वह जमानत मिलने के बाद भी जेल से बाहर नहीं आ सके थे।





















