
पंचकूला में फिर युवक की लाश मिलने से इलाके मे सनसनी
पुलिस आई सकते मे
चंडीगढ़, 4 अक्तूबर (विश्ववार्ता) पंचकूला मे बीते 24 घंटों में 2 युवकों की लाशे मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल चुकी है। खडक़ मंगोली में सुबह को 35 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस सबूत तलाश रही थी कि मंगलवार सुबह को यहां झूरी वाला गांव में डंपिंग ग्राउंड के नजदीक सडक़ किनारे एक और अज्ञात युवक की लाश देखे जाने की सूचना से पंचकूला पुलिस सकते में आ गई। मृतक की उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है।
आनन फानन में एसीपी सुरिंदर सिंह और चंडीमंदिर थाना के एसएचओ ललित कुमार शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव की जांच की गई तो आंख और चेहरे पर चोट के निशान मिले। जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान फिलहाल नहीं मिले। मृतक की एक हाथ पर टैटू बना हुआ मिला है। फिलहाल शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया जा रहा है। फोरेंसिक टीम मौके पर से सेंपल लेकर जांच में जुटी है।





















