
चंडीगढ, 6 सिंतबर (विश्ववार्ता) स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के डायरेक्टर अरुण कुमार सिन्हा का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि, बुधवार सुबह तड़के गुरुग्राम के एक अस्पताल में उन्होने अपने जीवन की अंतिम सांस ली। सिन्हा पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनकी उम्र अभी 61 साल के आसपास थी।
बता दें कि, अरुण कुमार सिन्हा केरल कैडर से 1987 बैच के IPS अफसर थे और वह 2016 से बतौर SPG डायरेक्टर अपनी सेवा दे रहे थे। सिन्हा को हाल ही में सेवा विस्तार दिया गया था। जानकारी के अनुसार, इससे पहले सिन्हा तिरुवनंतपुरम में डीसीपी, कमिश्नर, आईजी, इंटेलिजेंस आईजी और प्रशासन आईजी के रूप में काम कर चुके थे।
प्रधानमंत्री को मिलती है SPG की सिक्योरिटी
आपको मालूम रहे कि, स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की स्थापना 1985 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी की हत्या के बाद की गई थी। तब SPG की सिक्योरिटी वर्तमान प्रधानमंत्री के साथ-साथ पूर्व प्रधानमंत्रियों और उनके परिवार के सदस्यों को भी दी जाती थी। हालांकि, बाद में मोदी सरकार ने SPG की सिक्योरिटी में संसोधन किया। जिसके बाद अब SPG की सिक्योरिटी सिर्फ प्रधानमंत्री को मिलती है।





















