
संसद का मानसून सत्र इस तारिख को पुरानी संसद भवन से होगा शुरू
संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने ट्वीट कर दी जानकारी
UCC बिल हो सकता है पेश
चंडीगढ़, 1 जुलाई (विश्ववार्ता) संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा और 11 अगस्त तक चलेगा. संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ‘संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा और 11 अगस्त तक चलेगा। सभी दलों से मानसून सत्र के दौरान विधायी कामकाज और अन्य विषयों पर सार्थक चर्चा में योगदान देने का आग्रह करता हूं.’ उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि मानसून सत्र 23 दिनों तक चलेगा और इसमें 17 बैठकें होंगी। वहीं इससे पहले संसद के सूत्रों के हवाले से पहले बताया गया था कि संसद पुरानी इमारत से कामकाज करना शुरू कर सकती है और फिर बाद में नई इमारत में चली जाएगी।
सूत्रों ने बताया कि संसद के मानसून सत्र की शुरुआत पुराने संसद भवन में हो सकती है, लेकिन बीच में इसे नए संसद भवन में स्थानांतरित होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो ये मानसून सत्र नई संसद के उद्घाटन के बाद से आयोजित होने वाला पहला सत्र होगा।
बता दें कि मानसून सत्र में कई अहम बिल पेश हो सकते हैं। इनमें यूसीसी भी शामिल हो सकता है। इस पर पूरे देश की नजर हैं। कुछ दिनों पहले पीएम मोदी ने यूसीसी की वकालत की थी। पूरे देश में यूसीसी को लेकर राजनीति गर्म है।























