
पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की रिहाई का इंतजार बढता हुआ
समर्थको मे लगातार रोष बढता हुआ
चंडीगढ़, 1 अप्रैल (विश्व वार्ता) पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान व पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की रिहाई का इंतजार बढ़ता जा रहा है। जिस कारण सिद्धू के समर्थको मे भारी रोष देखा जा रहा है।
उम्मीद थी कि वह 3 बजे तक बाहर आ जाएंगे, लेकिन अभी तक बाहर नहीं आ पाए हैं। उनके बेटे करण सिद्धू का कहना है कि अभी कागजी कार्रवाई चल रही है। इससे पहले नवजोत सिंह सिद्धू की रिहाई 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के मौके पर होने वाली थी। सिद्धू की रिहाई की जोरशोर से चर्चा रही। मगर एन मौके पर पूरी बात सिर्फ चर्चाओं में ही रह गई और सिद्धू रिहा नहीं हो पाए। इसके पीछे यह भी कहा जाता है कि, 26 जनवरी को रिहा होने वाले कैदियों की लिस्ट को पंजाब कैबिनेट से मंजूरी नहीं मिली। वहीं यह भी माना जाता है कि इस लिस्ट में सिद्धू का नाम भी नहीं था।
अब जब नवजोत सिद्धू जेल से बाहर आ गए हैं तो पंजाब की राजनीति में सरगर्मी बढऩी तय है। सिद्धू के बेबाक सरगर्म बयान एक बार फिर पंजाब की राजनीतिक हलचल बढ़ाएंगे। सिद्धू के आने से पंजाब में कांग्रेस की सक्रियता भी बढ़ेगी. हालांकि ऐसा नहीं है कि कांग्रेस पहले सक्रिय नहीं थी लेकिन सिद्ध के आने से कांग्रेस औऱ ज्यादा फ्रंट फुट पर खेल सकती है। आने वाले समय में कांग्रेस के अंदर बड़ा बदलाव भी देखा जा सकता है। 2024 के लोकसभा चुनाव के चलते कांग्रेस सिद्ध को बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती है। वो अलग बात है कि देश दुनिया के तमाम हिस्सो में अपनी पहचान रखने वाले सिद्धू का जादू विधानसभा चुनाव में नहीं चल पाया और कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।
नवजोत सिंह सिद्धू 20 मई से पटियाला जेल में बंद थे। सिद्धू ने करीब 34 साल पुराने एक रोडरेज केस में सुप्रीम कोर्ट से एक साल की सजा मिलने के बाद खुद को पटियाला कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। जिसके बाद उन्हें पटियाला जेल में लाकर बंद कर दिया गया। मीडिया रिपोट्र्स के अनुसार, सिद्धू को पटियाला जेल में बैरक नंबर 10 में रखा गया था और क्लर्क का काम दिया गया था।
1988 का है रोडरेज मामला
बतादें कि, रोडरेज का यह पूरा मामला दिसंबर 1988 का है। जब पटियाला में सिद्धू की सडक़ पर एक बुजुर्ग से झड़प हो गई थी। बताया जाता है कि इस झड़प में मारपीट हुई और जिसके बाद उस बुजुर्ग शख्स की मौत हो गई। जहां, इस मामले में पटियाला पुलिस ने सिद्धू के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था. जिसके बाद इस मामले में पहले निचली अदालत में सुनवाई चली। जहां से सिद्धू बरी हो गए। लेकिन जब मामला हाई कोर्ट पहुंचा तो पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने 2006 में सिद्धू को इस मामले में तीन साल की सजा सुनाई थी।























