
मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से बड़ी खबर
नामीबिया से लाई गई मादा चीता की मौत
चंडीगढ़, 28 मार्च (विश्व वार्ता) मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लाई गई मादा चीता साशा की मौत हो गई है । 5 साल की साशा किडनी संक्रमण से पीड़ित थी । बताया जा रहा है कि भारत की धरती पर आने से पहले ही किडनी की बीमारी से जूझ रही थी और नामीबिया में उसका ऑपरेशन भी हो चुका था, लेकिन यह बात छिपाई गई थी.
सूत्रों के मुताबिक, डीएफओ और पीसीसीएफ सहित कई अफसर पार्क में मौजूद हैं. एडीजी एनटीसीए संदीप यादव ने प्रेस नोट जारी कर मादा चीता की मौत की पुष्टि की है । साशा उन आठ चीतों में शामिल थी जिन्हें 17 सितंबर को नामीबिया से लाकर कूनो राष्ट्रीय उद्यान में स्थानांतरित किया गया था. उन्होंने कहा कि मादा चीता की सेहत करीब छह माह से ठीक नहीं थी और हाल ही में उसे इलाज के लिए पृथकवास बाड़े में वापस लाया गया था।























