
किसी भी तरह की अफवाह को फैलने से रोकने के लिए पंजाब मे फिर इंटरनेट की पाबंदी को बढाया गया
कल 12 बजे तक रहेगा बंद
चंडीगढ़, 20 मार्च (विश्व वार्ता) पंजाब में खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की तलाश आज दूसरे दिन भी जारी है। ऑपरेशन के दौरान किसी भी तरह की अफवाह को फैलने से रोकने के लिए पंजाब सरकार ने मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस (संदेश) सेवाओं पर रोक मंगलवार दोपहर 12 बजे तक बढ़ा दी है। अभी इंटरनेट सेवाएं चालू नहीं की जाएंगी। अगले 24 घंटों तक इंटरनेट सहित एस.एम.एस. और डोंगल की सेवाएं बंद रहेंगी।
गृह विभाग तथा न्याय विभाग की ओर से सोमवार को जारी किए गए आदेशानुसार, ‘‘यह निर्देश दिया जाता है कि सभी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं (2जी/3जी/45/5जी/सीडीएमए/जीपीआरएस), सभी एसएमएस सेवाएं (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज को छोडक़र) और मोबाइल नेटवर्क पर प्रदान की जाने वाली वॉयस कॉल के अलावा सभी डोंगल सेवाएं पंजाब में 20 मार्च (दोपहर 12 बजे से) से 21 मार्च (दोपहर 12 बजे) तक सार्वजनिक सुरक्षा के हित में, किसी भी तरह की हिंसा को रोकने, शांति तथा सार्वजनिक व्यवस्था में किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए निलंबित कर दी जाएं।’’ गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा जारी आदेशानुसार, ब्रॉडबैंड सेवाओं को निलंबित नहीं किया जा रहा है ताकि बैंकिंग सुविधाएं, अस्पताल सेवाएं और अन्य आवश्यक सेवाएं बाधित न हों।





















