

पंजाब के इस जिले मे दिनदहाडे बदमाशों ने पंजाब नैशनल बैंक से लूटे 22 लाख रूपये
चंडीगढ, 16 फरवरी (विश्ववार्ता): पंजाब मे अमृतसर के पॉश इलाके मे पंजाब नेशनल बैंक में लुटेरों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। सफेद एक्टिवा पर आए लुटेरे चंद मिनटों में 22 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना अमृतसर के रानी का बाग स्थित पंजाब नेशनल बैंक की है। दोपहर 12.09 बजे एक्टिवा पर दो लुटेरे बैंक के बाहर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक एक लुटेरा बाहर खड़ा था। जबकि पीले रंग की टी शर्ट और टोपी पहने एक नकाबपोश बैंक में घुस गया। उसके हाथ में पिस्टल थी। लुटेरे ने कैशियर की खिडक़ी से पिस्टल तान दी और कैशियर को उसमें कैश डालने को कहा। खिडक़ी पर करीब 22 लाख रुपये नकद रखे थे। जिसे कैशियर ने लिफाफे में डाल दिया। लुटेरा लिफाफा लेकर बैंक से निकल गया। लुटेरा जब तक बैंक में रहा वह लोगों पर हवा में पिस्टल तानता रहा।























