
वित्त वर्ष 2023-24 के आम बजट मे दिल्ली वालो के साथ केंद्र ने फिर किया सौतेला व्यवहार: केजरीवाल
चंडीगढ, 1 फरवरी (विश्ववार्ता) दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आज आगामी वित्त वर्ष 2023-24 के लिए आम बजट को महंगाई बढ़ानेवाला बजट बताया है इस दौरान केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों के साथ सौतेला बर्ताव किया गया है। बजट में महंगाई से कोई राहत नहीं दी गई है। केजरीवाल ने एक के बाद एक किए गए सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि दिल्ली के लोगों के साथ एक बार फिर सौतेला व्यवहार। दिल्ली के लोगों ने पिछले साल 1.75 लाख करोड़ से ज्यादा का आयकर चुकाया । उसमें से दिल्ली के विकास के लिये सिर्फ 325 करोड़ रुपये दिए गए। यह दिल्ली के लोगों के साथ घोर अन्याय है।
उन्होंने कहा कि इस बजट में मंहगाई से कोई राहत नहीं है। उल्टे इस बजट से मंहगाई बढ़ेगी। बेरोजगारी दूर करने के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। शिक्षा बजट को 2.64 फीसदी से घटाकर 2.5 फीसदी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। स्वास्थ्य बजट को 2.2 फीसदी से घटाकर 1.98 प्रतिशत करना हानिकारक है।” वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को लोकसभा में केंद्रीय बजट 2023-24 पेश किया।























