निगम चुनाव से पहले लुधियाना में “आप” हुई और मजबूत
…अकाली दल (यूनाइटेड) युवा विंग के अध्यक्ष मनप्रीत सिंह तलवंडी आम आदमी पार्टी में हुए शामिल
…पार्टी महासचिव हरचंद सिंह बरसट ने किया पार्टी में स्वागत
चंडीगढ़, 29 सितंबर इस साल के अंत में पंजाब में होने वाले नगर निगम चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी (आप) खुद को लगातार मजबूत कर रही है। ‘आप’ को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब लुधियाना के पूर्व जिला परिषद सदस्य मनप्रीत सिंह तलवंडी को पार्टी के प्रदेश महासचिव हरचंद सिंह बरसट व हरभूपिंदर सिंह धरौड़ जिला अध्यक्ष लुधियाना (देहाती) ने पार्टी में शामिल करवाया।
मनप्रीत सिंह शिरोमणि अकाली दल (यूनाइटेड) युवा विंग के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वह लुधियाना के रायकोट निर्वाचन क्षेत्र के तलवंडी राय से हैं और 2013-18 तक लुधियाना से जिला परिषद सदस्य भी रह चुके हैं। कॉलेज के दिनों से ही राजनीति से जुड़े रहने के कारण मनप्रीत सिंह अपने इलाके के युवाओं के बीच काफी अच्छी खासी पहचान रखते हैं। मनप्रीत सिंह के पार्टी में शामिल होने से आम आदमी पार्टी को लुधियाना शहरी में बड़ा फायदा मिलेगा।
इस अवसर पर हरचंद सिंह बरसट ने औपचारिक रूप से उनका पार्टी में स्वागत किया और कहा कि आप सरकार के जनहितैषी कामों से प्रभावित होकर राज्य का युवा वर्ग लगातार पार्टी में शामिल हो रहा है। उन्होंने कहा कि मान सरकार पंजाब की युवा पीढ़ी के भविष्य को लेकर गंभीर है और प्रतिदिन जनहित में फैसले ले रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आम आदमी पार्टी आगामी निगम चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करेगी और विधानसभा चुनावों की तरह प्रचंड जीत दर्ज करेगी।





















