
हरियाणा में डेंगू फैला रहा है लगातार खौफ
सभी सिविल सर्जनों को निर्देश किए जारी ,18 जिले डेंगू की चपेट में
चंडीगढ, 13 सिंतबर (विश्ववार्ता) हरियाणा में डेंगू तेजी से फैल रहा है। प्रदेश में पिछले साल के मुकाबले इस साल चार गुणा से अधिक रोगी बढ़ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी सिविल सर्जनों को निर्देश जारी किए हैं कि वह अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाएं। हरियाणा के 18 जिले डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के पास शनिवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों से इस संबंध में एक रिपोर्ट पहुंची है। जिसके बाद विभाग ने नए सिरे से सभी सिविल सर्जनों को गाइडलाइन जारी की है। हरियाणा में पिछले साल इस अवधि तक डेंगू के जहां 95 केस सामने आए वहीं इस साल अब तक डेंगू के 417 केस सामने आ चुके हैं। जिनमें सर्वाधिक 209 मामले पंचकूला जिले से संबंधित हैं।
स्वास्थ्य विभाग निदेशालय द्वारा जारी गाइडलाइन में कहा गया है कि स्वास्थ्य विभाग संबंधित कर्मचारियों को बिना किसी देरी के फील्ड में उतारे। कहीं पर भी पानी जमा न होने दिया जाए। पीएचसी तथा सीएचसी स्तर पर चलने वाले अभियान की रोजाना रिपोर्ट एसएमओ के माध्यम से सिविल सर्जन तक पहुंचाई जाए।





















