
पंजाब के मोहाली जिले मे मेले में बड़ा हादसा
झूला टूटने से मची भगदड़
चंडीगढ 5 सिंतबर ( विश्ववार्ता) पंजाब के मोहाली में फेज-8 स्थित दशहरा ग्राउंड में लगे मोहाली ट्रेड फेयर (लंदन ब्रिज) मेले के दौरान ड्राप टावर झूला टूटने से उसमें सवार लगभग 50 लोग घायल हो गए। करीब 50 मीटर ऊंचाई से झूला टूटकर जमीन पर गिरने की सूचना है। झूला टूटने के बाद वहां लोगों में भगदड़ मच गई। हालांकि भगदड़ में कोई जख्मी नहीं हुआ। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा का वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है। जिला प्रशासन ने जांच का आदेश दिया है। हादसे के बाद झूला संचालक कर्मचारियों समेत मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम सरबजीत कौर और नायब तहसीलदार अर्जुन ग्रेवाल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। डीसी अमित तलवार ने कहा कि घटना की जांच करवाई जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





















