वड़िंग, खैहरा पर केस दर्ज किए जाने को लेकर कांग्रेस ने किए सवाल
चंडीगढ़, 4 सितंबर: पंजाब कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और ऑल इंडिया किसान कांग्रेस के चेयरमैन सुखपाल सिंह खैहरा पर केस दर्ज किए जाने पर सवाल करते हुए, इसे पूरी तरह से द्वेष की राजनीति करार दिया है।
इसी दौरान पार्टी ने सवाल किया है कि क्यों आम आदमी पार्टी सरकार ने भाजपा के खिलाफ इसी तरह का केस दर्ज करने की हिम्मत नहीं दिखाई, जिसने भी उसी पोस्ट को शेयर किया था, जिसे कांग्रेस के नेताओं ने शेयर किया और उसके लिए उन पर एफ.आई.आर दर्ज की गई।
यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, कांग्रेस के प्रवक्ताओं अर्षप्रीत खडियाल और जसप्रीत काहलों ने खुलासा किया कि कांग्रेस के नेताओं ने आम आदमी पार्टी के कथित मीडिया मैनेजर व आप वालंटियर अंकित सक्सेना द्वारा शेयर की गई फेसबुक पोस्ट के आधार पर ट्वीट किया था।
खडियाल ने सवाल किया कि यदि वह चिट्ठी फर्जी है, तो क्यों सरकार ने सक्सेना पर केस दर्ज नहीं किया, जिसने वास्तविक रूप से अरविंद केजरीवाल के हस्ताक्षरों वाली पोस्ट की थी? सक्सेना की प्रोफाइल में उसे आप का मीडिया मैनेजर बताया गया है। यदि वह आप का मीडिया मैनेजर नहीं है, तो क्यों आप ऐसे खारिज नहीं करती और उसके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज नहीं करवाती।
खडियाल ने कहा कि आईपीसी की धारा 471 के तहत यदि व्यक्ति जानता है कि दस्तावेज फर्जी है और उसने वास्तविक रूप में उसे साझा किया है, तो यह धोखाधड़ी है। लेकिन इस मामले में किस प्रकार कोई जान सकता है कि वह असली है या फिर फर्जी, विशेष तौर पर जब उसे एक ऐसे व्यक्ति के पेज पर पोस्ट किया गया था, जो खुद को आप का मीडिया मैनेजर बताता है।
प्रवक्ताओं ने जिक्र किया कि भाजपा के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया गया है, जिसने भी उसे शेयर किया था। लेकिन आप को सिर्फ कांग्रेस से डर लगता है, जिसने उसके नेताओं को ही फसाने की कोशिश की। यदि आप समझती है कि वह ऐसे नेताओं की आवाज को दबा सकती है, तो यह उसकी भारी गलती है।
इस क्रम में, राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ शिकायत देने के पैटर्न का जिक्र करते हुए, कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने सवाल किया कि कैसे आप शिकायत देने के लिए ऐसे नेताओं को जुटा लेती है। इससे पहले अलका लांबा, कुमार विश्वास, तजिंदर बग्गा और अन्य के खिलाफ भी इसी तरह से शिकायत की गई थी।
कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि उनको न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास है और वे आप को अदालत में मुंहतोड़ जवाब देंगे।
प्रवक्ताओं ने आप से यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि क्या अरविंद केजरीवाल आप के कन्वीनर हैं या फिर नहीं और क्या लिस्ट में जिक्र किए गए नाम अधिकारिक तौर पर नियुक्त किए गए हैं या फिर नहीं। यहां तक कि भगवंत मान और राघव चड्ढा ने भी इन नामों को साझा किया और उन्हें बधाई दी, जिससे यह लगता था कि लिस्ट सही है।
पार्टी ने आप से यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि क्या वड़िंग और खैहरा के खिलाफ शिकायत देने वाली प्रभजोत कौर वही महिला हैं, जिनका फेसबुक प्रोफाइल आप प्रभजोत मोहाली के नाम पर है।
यदि यह वही नेता हैं, जिसकी प्रोफाइल है, तो आप को स्पष्टीकरण देना चाहिए कि उसके द्वारा इनके खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है, क्योंकि इससे पहले इनके द्वारा श्री अकाल तख्त साहिब के खिलाफ बेअदबी करते हुए कमेंट किया गया था।























