छात्रों की करतूत: एग्जाम में फेल किया तो बच्चों ने टीचर को पेड़ से बांधकर पीटा
झारखंड के दुमका में सरकारी स्कूल के छात्रों ने अपने टीचर और स्कूल के दो स्टाफ को पेड़ से बांधा और उनकी पिटाई कर दी। इन सभी छात्रों के प्रैक्टिकल में कम नंबर आए थे। इस वजह से वे फेल हाे गए थे। इसी बात से नाराज छात्रों ने प्लास्टिक की मोटी रस्सी से बांधकर टीचर की पिटाई की। इस पूरी घटना का फेसबुक लाइव भी किया गया। इसका वीडियो सामने आने के बाद अब डीडीसी ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। इस संबंध में दुमका के उप विकास आयुक्त ने कहा कि इसकी जांच जिला कल्याण पदाधिकारी और गोपीकांदर के बीडीओ करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बात की भी जांच की जाएगी कि क्या वास्तव में प्रैक्टिकल के नंबर कम रहने की वजह से छात्र फेल हुए हैं या किसी और कारण से। डीडीसी ने कहा कि कारण कुछ भी हो लेकिन शिक्षक और अन्य लोगों की पिटाई करने का मामला गंभीर है। उन्होंने कहा कि इसमें दोषी छात्रों को चिन्हित किया जा रहा है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।