
मुख्यमंत्री द्वारा फतेहगढ़ साहिब जिले के गाँव चुन्नी कलां के सरकारी स्कूल का औचक निरीक्षण
व्यापक शिक्षा सुधारों के लिए सरकारी स्कूलों की स्थिति का ज़मीनी स्तर पर जायज़ा लेने के उद्देश्य से गए थे मुख्यमंत्री
सरकारी स्कूलों को ‘आला दर्जे के स्कूलों’ में बदलने की प्रतिबद्धता दोहराई
चुन्नी कलां (फतेहगढ़ साहिब), 31 अगस्त:राज्य भर के सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा सुविधाओं को सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज यहाँ के सरकारी सीनियर सेकंडरी स्कूल का औचक निरीक्षण करके स्थिति का ज़मीनी स्तर पर जायज़ा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मेरे इस दौरे का उद्देश्य खामियाँ निकालना नहीं है, बल्कि इसका असली मनोरथ शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार लाने के लिए ज़मीनी स्तर पर स्थिति का जायज़ा लेना है।’’
मुख्यमंत्री ने दोपहर के समय पर स्कूल का दौरा किया और वह करीब आधा घंटा स्कूल में ही रहे। स्कूल में सुविधाओं संबंधी जांच करने के अलावा भगवंत मान ने विद्यार्थियों और अध्यापकों के साथ बातचीत करके ज़मीनी स्तर की हालत के बारे में जानकारी हासिल की।
मुख्यमंत्री ने ज़ोर देकर कहा कि शिक्षा नए और प्रगतिशील समाज के निर्माण का मुख्य आधार है, जिस कारण राज्य सरकार इस क्षेत्र को प्रमुख तौर पर प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पहले ही शिक्षा के क्षेत्र में बहु-पक्षीय सुधारों की शुरुआत करने की दिशा में काम कर रही है, जिससे विद्यार्थियों ख़ासकर समाज के जरूरतमंद और पिछड़े वर्गों को लाभ पहुँचाया जा सके। भगवंत मान ने आगे कहा कि पंजाब सरकार राज्य के सरकारी स्कूलों को ‘आला दर्जे के स्कूलों’ में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्कूल न केवल विद्यार्थियों को मानक शिक्षा प्रदान करेंगे, बल्कि जीवन में बेहतर स्थान हासिल करने के लिए उनके समग्र विकास को भी सुनिश्चित बनाएंगे। भगवंत मान ने ज़ोर देकर कहा कि इन स्कूलों को अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे से लैस किया जाएगा, जिससे इन स्कूलों में विद्यार्थियों को बढिय़ा शिक्षा सुविधाएं मिल सकें। भगवंत मान ने कहा कि इससे इन स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थी कॉन्वेंट स्कूलों में पढऩे वाले साथी विद्यार्थियों का मुकाबला भी कर सकेंगे।
विद्यार्थियों के साथ बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने उनसे स्कूल के सिलेबस के बारे में पूछा। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनके जीवन की खाहिशों-उमंगों और सपनों के बारे में भी पूछा और उनको निश्चित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए सख़्त मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। भगवंत मान ने कहा कि मेहनत, लगन और समर्पण भावना सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों को अपने जीवन में इन सुनहरी नियमों को निष्ठा से अपनाने की ज़रूरत है, जिससे वह सफलता की बुलन्दियों को छू सकें।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्कूल में अत्याधुनिक साइंस लैबोरेटरी स्थापित करने के हुक्म दिए। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को स्कूलों के कंप्यूटरों में मौजूदा सॉफ्टवेयर को भी अपग्रेड करने के लिए कहा। भगवंत मान ने स्कूल में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए ईमारत में अपेक्षित मरम्मत और व्यवस्था करने के भी हुक्म दिए।





















