
हरियाणा मे ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव की प्रक्रिया पूरी
28,583 शिक्षकों के तबादला आदेश जारी
चंडीगढ़, 29 अगस्त (विश्ववार्ता) : लंबे इंतजार के बाद आखिरकार हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव की प्रक्रिया पूरी कर 28,583 शिक्षकों के तबादला आदेश जारी कर दिया है। इसमें 40 फीसदी शिक्षकों को ही पहली पसंद के स्कूल मिल सके हैं। करीब 12 फीसदी शिक्षकों को दूसरी पसंद और करीब 7 फीसदी शिक्षकों को उनकी तीसरी पसंद के स्टेशन पर भेजा गया है।
शेष अध्यापकों को दूर दराज के स्कूलों में जाना पड़ेगा। करीब 3 फीसदी शिक्षक ऐसे हैं जिनके तबादला आदेश जारी नहीं किए गए, ऐसे शिक्षकों को दोबारा से मौका दिया जाएगा। तबादलों में प्रिंसिपल, हेड मास्टर, एलीमेंट्री स्कूल हेडमास्टर (ईएसएचएम), पीजीटी और टीजीटी को शामिल किया गया है। सभी शिक्षकों को अगले 7 दिनों में कार्यभार ग्रहण करना होगा। इसके बाद जल्द ही जेबीटी की ऑनलाइन तबादला प्रक्रिया शुरू की जाएगी।





















