
बिजली बिल का 95 प्रतिशत डिजिटल पेमेंट करने वाली पंचायत को मिलेगा पांच लाख रुपए का पुरस्कार – पी सी मीणा
चंडीगढ़, 26 अगस्त : दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा बिजली बिलों के डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक पी सी मीणा ने बताया कि 95 प्रतिशत डिजिटल पेमेंट करने वाली पंचायत को 5 लाख रुपए की राशि पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। इसी तरह 90 से अधिक और 95 प्रतिशत से कम डिजिटल पेमेंट करने वाली पंचायत को 2 लाख और 80 से 90 प्रतिशत डिजिटल पेमेंट करने वाली पंचायत को एक लाख रुपए पुरस्कार राशि के रूप में दिए जाएंगे। उपभोक्ताओं में डिजिटल पेमेंट माध्यम को प्रोत्साहित करने के लिए यह राशि पंचायतों के लिए निर्धारित की गई है।
श्री मीणा ने बताया कि वर्तमान में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा लगभग 1400 करोड़ के जारी किए जा रहे बिलों में से 1100 करोड़ रुपए ऑनलाइन पेमेंट के माध्यम से बिजली निगम में जमा हो रहे हैं ।
बिजली निगम के कुल उपभोक्ताओं में से लगभग 60 प्रतिशत उपभोक्ता डिजिटल पेमेंट के माध्यम से भुगतान कर रहे हैं और बिलों की राशि का लगभग 80 प्रतिशत भुगतान डिजिटल पेमेंट द्वारा हो रहा है। इसमें बिजली निगम के घरेलू, व्यवसायिक, कृषि एवं औद्योगिक उपभोक्ता शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि बिजली निगम द्वारा ऑनलाइन पेमेंट करने वाले ग्रामीण उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए 2100 रुपए के पुरस्कार दिए जा रहे हैं। इसमें पंचायत के एक भाग्यशाली उपभोक्ता को पुरस्कृत किया जाता है।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की वेबसाइट www.dhbvn.org.in से उपभोक्ता अपने बिजली बिल की जानकारी ले सकते हैं और डिजिटल पेमेंट कर सकते हैं।





















