
अंबाला मे दिल दहलाने वाली घटना
एक ही परिवार के 6 लोगों को मौत ने लगाया गले
इलाके मे मचा हडकंप
चंडीगढ़, 26 अगस्त (विश्ववार्ता) हरियाणा के अंबाला से दिल दहला देने वाली और दुखद खबर सामने आ रही है। जहां बलाना गांव में एक ही परिवार के 6 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मरने वालों में एक बुजुर्ग दंपत्ति, एक महिला दो बच्चियां और एक युवक शामिल है। बताया जा रहा है कि युवक ने पहले अपने माता-पिता, पत्नी व बच्चों को जहर दिया। इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल मौत के असली कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
वहीं घटनास्थल पर पहुंची सीन ऑफ क्राइम टीम और सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया गया है। गांव वालों से पूछताछ जारी है। मरने वालों में 65 वर्षीय संगत राम पुत्र जागीर सिंह, महिंद्रो कौर पत्नी संगत राम, 34 वर्षीय सुखविंदर सिंह पुत्र संगत राम, रीना पत्नी सुखविंदर सिंह, 5 वर्षीय आशु पुत्री सुखविंदर सिंह, 7 वर्षीय जस्सी पुत्री सुखविंदर सिंह शामिल हैं।
अंबाला के डीएसपी जोगिंदर शर्मा ने बताया, ‘दो बच्चों समेत एक ही परिवार के 6 सदस्य मृत पाए गए हैं। क्राइम ब्रांच की टीम को मौके पर बुलाया गया। सुसाइड नोट बरामद हुआ है। और आगे की जांच जारी है।’























