पशुओं की दवाएं और अन्य साजो-सामान अधिक कीमतों पर बेचने वाले बाज़ आएं : लालजीत सिंह भुल्लर
लम्पी स्किन बीमारी के कारण मुनाफ़ाख़ोरी के रुझान का लिया गंभीर नोटिस
डिप्टी कमीशनरों और ज़िला डिप्टी डायरैक्टरों को पत्र जारी करके तुरंत कार्यवाही के निर्देश
अब तक करीब 2.45 लाख पशुओं का हुआ टीकाकरण : प्रमुख सचिव
चंडीगढ़, 17 अगस्तः लम्पी स्किन बीमारी के कारण बने हालत के दरमियान पशुओं की दवाएं, वैक्सीन और अन्य साजो-सामान अधिक कीमतों से बेचने का गंभीर नोटिस लेते हुये पशु पालन, मछली पालन और डेयरी विकास मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने ऐसे दुकानदारों को बाज़ आने की चेतावनी दी है।
यहां जारी बयान में कैबिनेट मंत्री ने बताया कि उनके ध्यान में आया है कि राज्य में फैल रही लम्पी स्किन बीमारी के कारण कुछ दवा विक्रेता दवाएं, वैक्सीन और अन्य साजो-सामान तयशुदा कीमतों से अधिक कीमतों पर बेच कर पशुपालकों और किसानों का शोषण कर रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने डिप्टी कमीशनरों और विभाग के ज़िलों में तैनात डिप्टी डायरैक्टरों को पत्र जारी करके ऐसे दुकानदारों के विरुद्ध कानून मुताबिक कार्यवाही अमल में लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभाग के डिप्टी डायरैक्टरों को हिदायत की है कि ज़िला प्रशासन और ड्रग इंस्पेक्टरों के साथ तालमेल करके दवा विक्रेताओं द्वारा अधिक कीमतों पर दवाएँ आदि बेचने के रुझान पर तुरंत रोक लगायी जाये और यदि ऐसी कोई शिकायत ध्यान में आती है तो उस पर तुरंत जांच करके अपेक्षित कार्यवाही अमल में लाई जाये।
मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि इस आपदा की घड़ी में हमें मानवता के तौर पर पशुपालकों और किसानों का साथ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार हर ऐसे तत्व पर नकेल डालने के लिए वचनबद्ध है, जो असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त है।
इसी दौरान प्रमुख सचिव श्री विकास प्रताप ने बताया कि पशु पालन विभाग के पास आज गोट पौक्स दवा की 43,000 और डोज़ पहुँच चुकी हैं, जिनको ज़िलों में भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पशु विभाग के पास अब तक करीब 3.60 लाख डोज़ पहुँच चुकी हैं।
श्री विकास प्रताप ने बताया कि आज तक करीब 2.45 लाख पशुओं को दवा लगाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की हिदायतों के मुताबिक उन्होंने समूह डिप्टी डायरैक्टरों के साथ मीटिंग करके टीकाकरण मुहिम को और तेज़ करने की हिदायत की है।