
चंडीगढ़ नगर निगम की बैठक में राज्यसभा सीट का उठा मुद्दा
बैठक मे पास किया प्रस्ताव
चंडीगढ़, 1 मार्च (विश्व वार्ता) नगर निगम की बैठक में चंडीगढ़ को राज्यसभा में प्रतिनिधित्व देने की मांग करते हुए इस प्रस्ताव को पास कर दिया। इस प्रस्ताव को शहर के प्रशासक बीएल पुराहित के पास भेजा जाएगा। यदि प्रशासक से इस प्रस्ताव को सहमति मिल जाती है तो आगे केंद्र के गृह मंत्रालय के पास जाएगा। आनंदपुर साहिब से सांसद मनीष तिवारी ने भी चंडीगढ़ से जुड़े इस मुद्दे को उठाया था। इसके बाद हाउस में इस प्रस्ताव को लाया गया।पंजाब के सांसद मनीष तिवारी द्वारा संविधान संशोधन विधेयक 2021, संशोधन बिल 2021 (अनुच्छेद 80 इत्यादि) संबंधी बिल पर कांग्रेस पार्षद गुरबख्श रावत ने चर्चा करते हुए इसे पारित करने की बात सदन में रखी।
उनका कहना था कि दिल्ली में राज्यसभा सदस्य होता है। उसी तर्ज पर चंडीगढ़ में भी राज्यसभा सदस्य की एक सीट की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका मतलब यह कतई नहीं है कि इसी कार्यकाल से इसे लागू किया जाए, बल्कि शहर की आबादी बढऩे के साथ उसके अनुसार यह प्रस्ताव लागू भी किया जाना चाहिए। इसके अलावा शहर में आबादी के अनुपात से नगर निगम के अलावा विधानसभा भी होनी चाहिए।
इस पर भाजपा पार्षद सौरभ जोशी ने टिप्पणी करते हुए कहा कि दिल्ली प्रदेश पूरे भारत वर्ष यानि देश की राजधानी है। इसलिए वहां की आबादी भी बढ़ती रहती है। दिल्ली प्रदेश सरकार भी आनुपातिक रूप से अपने सदस्यों को राज्यसभा के लिए मनोनीत करती रही है।























