
बेंगलुरु, 5 फरवरी। अपने कप्तान विकाश कंडोला (10 अंक) के नेतृत्व में हरियाणा स्टीलर्स ने वीवो प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के आठवें सीजन में राइवलरी वीक के तहत शेराटन ग्रैंड, व्हाइटफील्ड होटल एवं कन्वेंशन सेंटर में खेले गए 92वें मुकाबले में मौजूदा चैम्पियन बंगाल वॉरियर्स को 46-29 से हरा दिया। इस सीजन में हरियाणा की बंगाल पर यह दूसरी जीत है।
सीजन की सातवीं जीत की दिशा में हरियाणा के हर विभाग ने लगभग बराबर योगदान दिया। रेडर्स ने 20 अंक लिए तो डिफेंस ने 14 अंक लिए। रेड में विनय ने सात और आशीष ने छह अंक लिए। डिफेंस में मोहित और जयदीप ने तीन-तीन अंक लिए। तीन बार ऑल आउट होने वाले बंगाल के लिए कप्तान मनिंदर सिंह ने 13 अंक लेकिन डिफेंस सिर्फ चार अंक ले सका। यह उसकी इस सीजन आठवीं हार का कारण बना।






















