
हिमाचल की सुक्खु सरकार की बडी कार्रवाई
प्रदेश के आईएएस अधिकारी को किया सस्पेंड, पढिये क्या है पूरा मामला
चंडीगढ़, 6 अप्रैल (विश्ववार्ता) : हिमाचल सरकार ने प्रदेश के एक आईएएस अफसर को सस्पेंड किया है। 2019 बैच के आईएएस अफसर नवीन तनवर पर यह कार्रवाई की गई है। बताया जाता है कि, आईएएस नवीन की पोस्टिंग चंबा के एडीसी के तौर पर हो रखी थी। लेकिन अब सस्पेंशन ऑर्डर के बाद उन्हें शिमला सचिवालय स्थित हेडक्वार्टर में अटैच किया गया है। साथ ही नवीन तनवर को कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने को कहा गया है।
बताया जा रहा है कि, आईएएस नवीन तनवर को दूसरे की जगह पेपर देते हुए पकड़ा गया था। सीबीआई ने नवीन तनवर को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद सीबीआई कोर्ट से उन्हें 3 साल कैद की सजा हुई थी और 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया था। हालांकि सीबीआई कोर्ट ने नवीन तनवर की अर्जी पर उन्हें जेल भेजने में राहत दे दी थी। हालांकि, सीबीआई की रिपोर्ट पर अब हिमाचल सरकार ने उन्हें सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, नवीन तनवर उत्तर प्रदेश के नोएडा के रहने वाले हैं, वह 13 दिसंबर 2014 को गाजियाबाद के गोविंदपुरम स्थित आइडियल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में क्लर्क भर्ती परीक्षा देने पहुंचे थे। यह परीक्षा इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सलेक्शन क्लर्क भर्ती के लिए थी। नवीन इस परीक्षा में अमित सिंह नाम के एक व्यक्ति की जगह परीक्षा दे रहे थे। जिसके बाद सीबीआई ने उन्हें धर लिया था।नवीन तनवर 2014 में दूसरे की जगह पेपर देते हुए हुए पकड़े गए। जबकि 2019 में वह आईएएस चयनित हो गए। मतलब जिस वक्त नवीन गिरफ्तार हुए, वह आईएएस नहीं थे बल्कि खुद आईएएस की तैयारी कर रहे थे। 2019 उनका सिलेक्शन पीएससी में हुआ।





















