
हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र फरवरी की इस तारिख से होगा शुरू
मंत्रिमंडल की बैठक में लगी तारीखों पर मुहर
चंडीगढ, 2 फरवरी (विश्ववार्ता) हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक मे विधानसभा बजट सत्र की तारीखों पर मुहर लग गई है। हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू होगा। 23 फरवरी को विधानसभा में बजट पेश किया जाएगा। बजट सत्र दो चरण में होगा। बजट सत्र में 10 सिटिंग्स होंगी। पहला चरण 20 से 23 फरवरी तक चलेगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में मंत्री मण्डल की बैठक खत्म हो गई है। बैठक में कई अहम फैसले लिये गए हैं। बुधवार को केंद्रीय बजट पेश किया गया था, जिसके बाद सीएम मनोहर लाल ने कहा था कि यह बजट हर वर्ग को ध्यान में रखकर बनाया गया है, केंद्र के बजट से प्रेरणा लेकर ही प्रदेश का बजट बनाया जाएगा।
सीएम मनोहर लाल खट्टर के मुताबिक इस बार का बजट हर वर्ग के कल्याण के लिए होगा। इस बार बजट में मुख्य रूप से फोकस ग्रामीण विकास, पर्यावरण, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र पर रहेगा। इस बजट को लेकर पंचकूला में हरियाणा विधानसभा ने राज्य वित्त प्रबंधन एवं बजट पर चर्चा कार्यक्रम भी आयोजित किया जा चुका है।























